खरीदने जा रहे नई कार तो इन बातों का रखें खास ध्यान, वरना पड़ेगा पछताना
कार कंपनियां मार्केट में अपनी सेल बढ़ाने के लिए अक्सर ही नए ऑफर्स और डिस्काउंट लाती रहती हैं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि कंपनी को अपना पुराना स्टॉक खत्म करना होता है। वहीं जो नए मॉडल होते हैं या जिन पर वेटिंग चल रही होती है, उस पर कंपनी की ओर से बहुत ज्यादा डिस्काउंट या ऑफर्स नहीं दिए जाते। ऐसे में जब ग्राहक मन बनाकर किसी मॉडल को खरीदने जाता है तो सेल्समैन उनको उस मॉडल की जगह किसी दूसरे मॉडल को खरीदने के लिए जोर देता है। इससे डील तो खराब होती ही है और सौदा भी महंगा पड़ जाता है। इसलिए आज हम आपको बताएंगे कि नई कार खरीदते समय किन-किन बातों का खास ध्यान रखना चाहिये।
मॉडल की जानकारी जरूर लें
कार खरीदते समय आप जिस भी मॉडल को सिलेक्ट कर रहे हैं, उसके बारे में पहले ही जानकारी ले लें। आजकल किसी भी कार के बारे में जानकारी आपको आसानी से इंटरनेट पर मिल जायेगी। अपने बजट और जरूरत के हिसाब से ही कार का चुनाव करें। इस बात पर भी ध्यान दें कि आपकी रनिंग कितनी है और आपकी फैमली में कितने लोग हैं।
एक्सचेंज के समय रखें खास ख्याल
अगर आप अपनी पुरानी कार को एक्सचेंज करने की सोच रहे हैं तो इसकी पूरी जानकारी शो-रूम से लें कि वो आपको क्या डील दे रहे हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि शोरूम वाले आपकी पुरानी कार की सही वैल्यू नहीं लगाते और आपको कम पैसे ऑफ़र करते हैं। शोरूम की तरफ से आपको ये कहा जाता है कि इस मॉडल की अब खास वैल्यू नहीं है, इससे ज्यादा आपको दाम नहीं मिलेंगे और वो आसानी से आपकी कार को कम दाम में एक्सचेंज करवा लेते हैं। इसलिए अपनी कार को हमेशा ही ओपन मार्केट में सेल करें।
इन एक्सेसरिज को बिल्कुल न लगवाएं
नई कार के साथ शोरूम वाले अक्सर ही आपको कारपेट, सीट कवर्स, स्टीरियो सिस्टम, पार्किंग सेंसर और ना जाने कितने ही चीजें लगवाने के लिए फ़ोर्स करेगा। बता दें कि इन सब सामान की कीमत भी काफी ज्यादा होती है जबकि ओपन मार्केट में यही सब सामान अच्छे ऑप्शन के साथ आपको कम दाम में मिल जायेंगे। अगर कोई सेल्समैन आपको बोलता है कि इस कार के साथ आपको 15000 रुपये की एक्सेसरिज फ्री दी जा रही है तो एक्सेसरिज की जगह उतनी ही कीमत का डिस्काउंट मांग लीजिये और वही एक्सेसरिज बाहर से लगवा लें, आपको सस्ती पड़ेग।
मोल-भाव करने से न करें परहेज
हर कार सेल्समैन और डीलर के पास कार बिक्री का टारगेट होता है जो महीना पूरा होने तक पूरा करना होता है। अब ऐसे में अगर आप नई कार को महीने के आखिरी हफ्ते में खरीदने जायेंगे तो आपको बेहतर डील मिल सकती है। डिस्काउंट और ऑफर्स की बात सेल्समैन से जरूर करें और बिलकुल न हिचकिचाएं।
डिलीवरी लेने से पहले ये काम करें
अक्सर देखा जाता है कि ग्राहकों को खराब मॉडल चिपका दिया जाता है और जब तक उसे पता चलता है काफी देर हो चुकी होती है। इसलिए कार की डिलीवरी लेने से पहले अपनी कार को अच्छी तरह से चेक करें लें और अगर कहीं से भी कोई दिक्कत आपको नज़र आये तो तुरंत इस पर बात करें।