{"vars":{"id": "108938:4684"}}

Assembly By Election 2023: शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न, जानें कितने फीसदी रही वोटिंग?

Assembly By Election 2023 Update: देश के छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों के लिए होने वाला उपचुनाव मंगलवार 5 सितंबर को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। किस राज्य की विधानसभा सीट पर कितने प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके बारे में नीचे जानकारी दी गई है।
 

By Election 2023: भारत के छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव मंगलवार शाम 5 बजे समाप्त हो गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुए थे। यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी (BJP) का एकजुट होकर मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों द्वारा गठित इंडिया गठबंधन की यह पहली चुनावी परीक्षा मानी जा रही है। बता दें कि उपचुनाव छह राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बंगाल, झारखंड, केरल और त्रिपुरा की विधानसभा सीटों पर संपन्न हुए हैं। 

शाम 5 बजे तक रही इतने फीसदी वोटिंग

चुनाव आयोग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के घोसी में 49.42 प्रतिशत मतदान हुए हैं। जबकि दोपहर 1 बजे तक 33.52% मतदान हुआ था। चुनाव में सबसे ज्यादा यही सीट चर्चा में रही है। यहां से भाजपा के दारा सिंह चौहान चुनावी मैदान में हैं। सीधे तौर पर मुकाबला बीजेपी और सपा के बीच माना जा रहा है। बता दें कि घोसी सीट समाजवादी पार्टी (SP) के विधायक और ओबीसी नेता दारा सिंह चौहान के इस्तीफे के बाद से खाली पड़ी हुई थी। खाली पड़ी इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

इन राज्यों में वोटिंग रही इतने प्रतिशत

चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर तीन बजे तक झारखंड के डुमरी में 63.75 प्रतिशत, केरल के पुतुप्पली में 70.77 प्रतिशत, त्रिपुरा के बक्सनगर में 86.34 प्रतिशत, जबकि धनपुर में 81.88 प्रतिशत, उत्तराखंड के बागेश्वर में 55.01 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी में 74.35 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड किये गये हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ था। यहां मतदान के लिए 260 केंद्र बनाए गए थे। 

सबसे ज्यादा मतदान बक्सनगर में हुई

सबसे ज्यादा वोटिंग त्रिपुरा के बक्सनगर में हुई है। यहां वोटिंग 86.34 प्रतिशत रही। वहीं उत्तर प्रदेश के घोसी उपचुनाव के लिए 239 मतदान केंद्र और कुल 455 मतदेय स्थल बनाए गए थे। वोटिंग के दौरान सपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर घोसी विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 147 (मोहम्मदिया मदरसा, बड़ागांव, करीमुद्दीनपुर) पर मतदान अधिकारी मुस्लिम मतदाताओं को वोट डालने से रोकने का आरोप लगाया।

इंडिया गंठबंधन के बाद पहला चुनाव

विपक्ष की 28 पार्टियों द्वारा मिलकर बनाए बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए को हराने के लिए इंडिया गठबंधन का गठन किया गया है। इस नए गठबंधन इंडिया अलायंस के बनने के बाद छह राज्यों की सात सीटों के लिए उपचुनाव का पहला चुनावी टेस्ट संपन्न हुआ है। तालमेल से लेकर समीकरण परखने तक, लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी पार्टियों के लिए इस उपचुनाव को एक मौके की तरह देखा जा रहा है।