{"vars":{"id": "108938:4684"}}

Morocco Earthquake: भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 632 हुई, PM मोदी ने जताया दुख

Morocco Earthquake: देश के गृह मंत्रालय की ओर दी गई जानकारी में बताया गया कि मोरक्को में भूकंप के कारण कम से कम 632 लोगों की मौत हो गई है और 329 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 

मोरक्कों में शुक्रवार की रात आए 6.8 की तीव्रता वाले शक्तिशाली भूकंप ने शहर से लेकर एटलस पर्वत पर स्थित गांवों तक कई इमारतों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। वहीं भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 632 तक पहुंच गई है। इस बात की जानकारी शनिवार तड़के देश के गृह मंत्रालय की ओर से दी गई है। जिसमें बताया गया कि मोरक्को में भूकंप के कारण कम से कम 632 लोगों की मौत हो गई है और 329 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंत्रालय ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान शहरों और कस्बों के बाहर हुआ है। उधर, भूकंप के चलते हुई तबाही पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है।

पीएम ने हर संभव सहायता का दिया भरोसा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरक्कों में आए भूकंप से मरने वालों के लिए दुख जताते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं।'

एपी की रिपोर्ट के अनुसार, मोरक्को के लोगों ने कुछ वीडियो शेयर किए हैं, जिसमें इमारतें मलबे और धूल में तब्दील हो गईं और यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल ऐतिहासिक माराकेच में पुराने शहर को घेरने वाली प्रसिद्ध लाल दीवारों के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। भूकंप के केंद्र के पास स्थित एक शहर के प्रमुख ने मोरक्को की समाचार साइट ‘2एम’ को बताया कि निकटवर्ती शहरों के कई घर आंशिक रूप से या पूरी तरह ढह गए हैं, कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 6.8 थी, जब यह रात 11:11 बजे आया, झटके कई सेकंड तक रहे। मोरक्को के राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी और चेतावनी नेटवर्क ने रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7 मापी। अमेरिकी एजेंसी ने 19 मिनट बाद 4.9 तीव्रता का झटका आने की सूचना दी। यूएसजीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से 18 किलोमीटर गहराई में था, जबकि मोरक्को की भूकंप निगरानी एजेंसी के मुताबिक, इसका केंद्र आठ किलोमीटर गहराई में था।

यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष ने कही ये बात 

यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने एक ट्वीट में लिखा, 'कल रात आए भयानक भूकंप के सामने मैं पूरे दिल से मोरक्को के लोगों के साथ हूं, जिसने सैकड़ों लोगों की जान ले ली। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, घायलों के परिवारों के साथ हैं।' मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं, और प्रथम उत्तरदाता जो सराहनीय कार्य कर रहे हैं।