Bypolls Result 2023: त्रिपुरा में BJP ने लहराया परचम, केरल में कांग्रेस की जीत

Bypoll Result 2023 Today: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, झारखंड और त्रिपुरा की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। जिसके मुताबिक, चुनावों के नतीजों की तस्वीर अब साफ होती हुई नजर आ रही है। यह उपचुनाव NDA vs INDIA के बीच पहले दौर का मुकाबला माना जा रहा है।
 
By poll Result

देश के छह राज्यों के सात विधानसभा सीटों पर मंगलवार को हुए उपचुनाव (Bypoll Result 2023) के नतीजे आज शुक्रवार को घोषित होंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती जारी है। जिसे देखते हुए नतीजों की तस्वीर अब साफ होने लगी है। अभी तक के अपडेट के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने त्रिपुरा के बॉक्सनगर व धनपुर और उत्तराखंड के बागेश्वर में भारी मतों से जीत हासिल की है। वहीं केरल के पुथुपल्ली में कांग्रेस ने सीपीआई (एम) के उम्मीदवार को भारी मतों से हराते हुए यहां जीत हासिल की है।

डुमरी में एनडीए को बढ़त

झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर एनडीए समर्थित आजसू की उम्मीदवार यशोदा देवी ने 2839 वोटों की बढ़त बना रखी है। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा की बेबी देवी को 8 राउंड की मतगणना के बाद 26794 मत मिले हैं। जबकि उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी आगे चल रही है। यहां सपा के प्रत्याशी 12वें राउंड की गिनती के बाद 18215 वोटों से आगे हैं। वहीं बीजेपी के दारा सिंह चौहान पीछे चल रहे हैं।


इन राज्यों में हुए थे उपचुनाव

बता दें कि छह राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में उत्तर प्रदेश में घोसी, उत्तराखंड में बागेश्वर, केरल में पुथुपल्ली, पश्चिम बंगाल में धूपगुड़ी, झारखंड में डुमरी और त्रिपुरा में बॉक्सानगर और धनपुर सीट शामिल है। जिसपर मंगलवार को भारी संख्या में लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया था। इन सातों सीटों में से तीन सीट धनपुर, बागेश्वर और धूपगुड़ी पर बीजेपी और एक-एक पर सपा (घोसी), सीपीआई (एम) (बॉक्सानगर), जेएमएम (डुमरी) और कांग्रेस (पुथुपल्ली) का कब्जा है।

मतगणना स्थल पर भारी सुरक्षा बल तैनात

इन सभी छह राज्यों में से उत्तर प्रदेश के घोसी निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव को काफी अहम माना जा रहा है। जिसपर सबकी निगाहें हैं। यहां उपचुनाव में 'इंडिया' ने संयुक्त मोर्चा बनाया था। मंगलवार को इस क्षेत्र की विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में करीब 50.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। आज मतगणना को ध्यान में रखते हुए मतगणना स्थल कलेक्ट्रेट पर भारी पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। यहां एक अपर पुलिस अधीक्षक, तीन सीओ, 20 निरीक्षक, 376 मुख्य आरक्षी, 106 महिला आरक्षी, तीन-तीन कंपनी सीपीएफ/पीएससी, अर्धसैनिक बल व जिला पुलिस को लगाया गया है।

इन राज्यों में इतने फीसदी रहा था मतदान

वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी और केरल के पुथुपल्ली में 'इंडिया' के घटक दल एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरे हुए हैं। जहां धूपगुड़ी में लगभग 76 प्रतिशत मतदान हुआ है तो वहीं पुथुपल्ली में करीब 73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। झारखंड के डुमरी में जहां कुल 2.98 लाख मतदाताओं में से 64.84 प्रतिशत वोटिंग हुई तो वहीं उत्तराखंड के बागेश्वर में भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर सीधी टक्कर देखने को मिली। यहां 55.44 फीसदी मतदान हुआ है।

Tags

Share this story

Latest News

Must Read

Don't Miss