पीएम मोदी ने ISRO से की तीन बड़ी घोषणाएं, तिरंगा, शिवशक्ति और नेशनल अंतरिक्ष दिवस

PM Modi Visit ISRO: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज शनिवार को बेंगलुरु में इसरो (ISRO) के कमांड सेंटर पहुंचकर वैज्ञानिकों से मुलाकात की। यहां उन्होंने सबसे पहले चंद्रयान 3 (Chandrayaan 3) की सफलता को लेकर वैज्ञानिकों की जमकर तारीफ की। इसके बाद वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए तीन बड़ी घोषणाएं की। पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 और चंद्रयान-2 के लैंडिंग प्वाइंट का नामकरण किया। साथ ही बताया कि अब से देशभर में हर साल 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे के रूप में मनाया जाएगा।
23 अगस्त को मनाया जाएगा नेशनल स्पेस डे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों की सराहना करते हुए उन्हें संबोधित किया। जिसमें उन्होंने कहा कि अब से 23 अगस्त को चंद्रयान-3 की सफलता के सम्मान को 'नेशनल स्पेस डे' (National Space Day) के नाम से जाना जाएगा। बेंगलुरु में इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स में प्रधानमंत्री ने कहा कि 'चंद्रयान 3 की सफलता में महिलाओं का अहम योगदान रहा है। यह 'शिवशक्ति' प्वाइंट आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा कि हमें विज्ञान का उपयोग मानवता के कल्याण के लिए ही करना है।
'शिवशक्ति' नाम से जाना जाएगा लैंडिंग प्वाइंट
प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 की सफलता को देखते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर जहां लैंडिंग किया उसे अब 'शिवशक्ति' प्वाइंट के नाम से जाना जाएगा।
चंद्रयान- 2 के लैंडिग प्वाइंट का नाम तिरंगा
मोदी ने इस दौरान तीसरी बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने अपने पदचिन्ह छोड़े हैं, वह जगह अब से 'तिरंगा प्वाइंट' कहलाएगी। पीएम ने यह भी कहा कि ये तिरंगा प्वाइंट भारत के हर प्रयास की प्रेरणा बनेगा, ये तिरंगा प्वाइंट हमें सीख देगा कि कोई भी विफलता आखिरी नहीं होती। उन्होंने कहा कि मैंने तय किया था कि जब चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक चंद्रमा पर पहुंच जाएगा, तो हम दोनों प्वाइंट का नाम रखेंगे। आज मुझे लगता है, जब हर घर तिरंगा है, हर मन तिरंगा और चांद पर तिरंगा तो तिरंगा के अलावा उस स्थान का नाम और क्या दिया जा सकता है।
Sri @NarendraModi Ji makes yet another important announcement after #ShivShakti -
— Tejasvi Surya (@Tejasvi_Surya) August 26, 2023
August 23, the day #Chandrayaan3Success was achieved, will henceforth be celebrated as the National Space Day. pic.twitter.com/UiSbt2Wmc9
जहां हम पहुंचे वहां कोई नहीं पहुंचा
पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि 'जहां हम पहुंचे वहां कोई नहीं पहुंचा था। हमने वो किया जो पहले कभी किसी ने किया।' पीएम ने कहा कि मेरी आंखों के सामने 23 अगस्त का वह दिन, वह एक एक सेकेंड बार बार घूम रहा है। जब टच डाउन कंफर्म हुआ तो जिस तरह यहां ISRO सेंटर में, पूरे देश में लोग उछल पड़े, उस पल को कोई कैसे भूल सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ स्मृतियां अमर हो जाती हैं। 23 अगस्त का दिन भी अमर हो गया। पीएम ने कहा कि वह देश लौटने पर इसरो के वैज्ञानिकों को धन्यवाद देने के लिए सबसे पहले इस शहर में आने से स्वयं को रोक नहीं पाए।