ग्रेटर नोएडा की शिक्षका गीता यादव ने खंडहर स्कूल को बनाया स्मार्ट, टीचर्स डे पर हुईं सम्मानित

नीति आयोग के स्कूल एजुकेशन क्वालिटी इंडेक्स और परफॉर्मेंस ग्रेड इंडेक्स में प्रदेश को प्रथम स्थान पर लाने के लिए सरकार जुटी हुई है। इसके लिए शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसी बीच, ग्रेटर नोएडा के प्राथमिक स्कूल नवादा में प्रधानाध्यापिका गीता यादव ने अपनी मेहनत और परिश्रम की बदौलत शिक्षा के मंदिर को स्मार्ट स्कूल में तब्दील किया है। 5 सितंबर यानि टीचर्स डे के मौके पर उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय अवार्ड 2023 के खिताब से लखनऊ में नवाजा गया है। गीता यादव के प्रयास की सभी ने सराहना की है।
चयनित शिक्षकों में गीता यादव शामिल
बता दें कि प्रदेश सरकार में अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने 75 जनपदों के चयनित शिक्षकों की सूची जारी की है, उसमें गीता यादव का भी नाम शामिल है। प्राथमिक स्कूल नवादा की प्रधानाचार्या गीता यादव ने बताया कि वे ग्रेटर नोएडा में अपने परिवार के साथ एनआरआई रेजीडेंसी में रहती हैं और वर्ष 2013 से स्कूल में कार्यरत हैं। स्कूल में एक से पांचवीं तक कक्षा संचालित होती है, जिसमें 300 से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं। उनकी तैनाती के समय परिसर में दो कमरे थे। साथ ही बाहर के एरिया में आसपास के लोग गाड़ियां पार्क करते थे। खाली जगह पर उपले महिलाएं पाथती थीं। ऐसे में उनके मन में शिक्षा के मंदिर को बेहतर बनाने का विचार आया। उसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर प्रयास शुरू किया।
15 लाख में किया स्कूल का कायाकल्प
उन्होंने बताया कि शुरुआत में स्कूल परिसर में बच्चों के लिए सवा लाख रुपये खर्च करके दो कमरों का निर्माण कराया। परिसर में सुरक्षा के लिए तार फेंसिंग और सीसीटीवी कैमरे अपने पैसे से लगवाए। वह खुद से ही इसकी मॉनिटरिंग करती हैं। उनका कहना है कि परिसर में लाइब्रेरी, कक्षा में फर्नीचर, एक कमरे को स्मार्ट क्लास के रूप में तब्दील करते हुए बड़ा स्मार्ट टीवी स्क्रीन लगाया है। उनका दावा है कि निजी स्तर से 15 लाख रुपये का काम स्कूल को चमकाने के लिए कराया है। अब इस स्कूल में बच्चों को शिक्षा से जुड़ी सारी जानकारियां प्राप्त होती हैं। इसके आलावा छात्र-छात्राओं को अक्षर ज्ञान के साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता के लिए अपने स्तर से प्रयास करते हुए एक स्मार्ट स्कूल बनाया है।