BRICS में 6 नए देशों को मिली एंट्री, पीएम मोदी की मौजूदगी में हुआ ऐलान

BRICS: दुनिया की पांच सबसे तेज अर्थव्यवस्थाओं वाले ग्रुप BRICS में छह नए देशों को शामिल किया गया है। यह सभी देश जनवरी 2024 से आधिकारिक सदस्य होंगे। बता दें कि अभी तक ब्रिक्स में पांच देश भारत, रूस, ब्राजील, चीन और साउथ अफ्रीका शामिल है।
 
BRICS

BRICS में छह नए देशों को शामिल किया गया है। साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में चल रहे तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा (President Cyril Ramaphosa) ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की मौजूदगी में छह नए सदस्यों का ऐलान किया है। जिन सदस्यों को BRICS में एंट्री मिली है, उनमें मिस्र, सऊदी अरब, यूएई, इथियोपिया, अर्जेंटीना और ईरान शामिल हैं। यह सभी देश जनवरी 2024 से आधिकारिक सदस्य होंगे। बता दें कि अभी तक ब्रिक्स में पांच देश भारत, रूस, ब्राजील, चीन और साउथ अफ्रीका शामिल है। छह नए देशों के जुड़ने से ब्रिक्स में कुल 11 सदस्य हो जाएंगे। 

पीएम मोदी ने किया स्वागत

छह नए देशों का ऐलान करते हुए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कहा कि 'विस्तार के पहले चरण में अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को ब्रिक्स में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। नई सदस्यता 1 जनवरी, 2024 से प्रभावी होगी।' इस दौरान पीएम मोदी ने सभी 6 देशों का स्वागत करते हुए कहा कि 'मुझे खुशी है कि तीन दिनों के विचार-विमर्श से कई सकारात्मक परिणाम निकले। हमने ब्रिक्स के विस्तार का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।'

ब्रिक्स के जरिए संबंध होंगे गहरे

पीएम मोदी ने आगे कहा कि 'मैं इन देशों के नेताओं और वहां के नागरिकों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हम सभी साथ मिलकर ब्रिक्स को नई गति देंगे। पीएम ने कहा कि भारत के इन 6 देशों के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। ब्रिक्स के जरिए हमारे संबंध और ज्यादा गहरे होंगे। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स का विस्तार इस बात का संकेत है कि विश्व के सभी संस्थाओं को वर्तमान समय के हिसाब से खुद को बदलना चाहिए।'

ब्रिक्स के विस्तार का किया समर्थन 

इससे पहले पीएम मोदी ने BRICS के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए कहा था कि ब्रिक्स की 15वीं वर्षगांठ के अवसर पर हमने इस मंच का विस्तार करने का निर्णय लिया है। भारत ब्रिक्स के विस्तार का समर्थन करता है। इस तरह का विस्तार ब्रिक्स को मजबूत और अधिक प्रभावी बनाएगा। अपने संबोधन के दौरान पीएम ने चंद्रयान 3 की सफलता का भी जिक्र किया। उन्होंने सभी देशों से मिल रही शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया।

जानें क्या है ब्रिक्स

बता दें कि अभी ब्रिक्स दुनिया की पांच सबसे तेज अर्थव्यवस्थाओं का ग्रुप है। ब्रिक्स का हर एक अक्षर एक देश का प्रतिनिधित्व करता है। जिसमें B से ब्राजील, R से रूस, I से इंडिया, C से चीन और S से साउथ अफ्रीका शामिल है। ब्रिक्स में जो पांच देश शामिल हैं, वो सभी दुनिया की सबसे तेजी से उभरती हुईं अर्थव्यवस्थाएं हैं। इनकी दुनिया की जीडीपी में 31.5% की हिस्सेदारी है।

Tags

Share this story

Latest News

Must Read

Don't Miss