निजी ट्रेन में सवार होकर रूस पहुंचे किम जोंग, पुतिन से हथियार सौदे पर होगी डील
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन (Kim Jong Un) आज मंगलवार को रूस पहुंच गए हैं। जापानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वह अपनी एक निजी ट्रेन से पहुंचे हैं। इस दौरान उनके साथ हथियार बनाने वाली कंपनियों से जुड़े लोग भी मौजूद हैं। किम जोंग यहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) से हथियार सौदे पर वार्ता करेंगे। पिछले दिनों ही अमेरिका ने दोनों देशों की मीटिंग को लेकर चेतावनी देते हुए कहा था कि वह किम जोंग और पुतिन के बीच किसी भी तरह की हुई डील को स्वीकार नहीं करेगा। इसके बाद भी किम रूस पहुंचे हैं।
North Korean leader Kim Jong Un arrives in Russia
— ANI Digital (@ani_digital) September 12, 2023
Read @ANI Story | https://t.co/vAjx41hFeM#NorthKorea #Russia #KimJongUn #VladimirPutin pic.twitter.com/hwvAFvTYF9
दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों में होगी वार्ता
बता दें कि किम जोंग रविवार को उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग से निजी ट्रेन से रवाना हुए थे। इस दौरान उनके साथ विदेश मंत्री और सैन्य हथियारों के विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। जापान की क्योडो न्यूज एजेंसी के मुताबिक, किम रूस के खासान स्टेशन पर उतरे हैं, जोकि पूर्वी हिस्से पर स्थित है। रूसी प्रवक्ता के मुताबिक, किम जोंग उन का यह दौरा राजकीय है और द्विपक्षीय वार्ता के लिए है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच वार्ता होगी और सहमति बनने पर कुछ करार होने की उम्मीद भी है। वहीं किम जोंग के पहुंचने पर खासान प्रशासन ने कुछ भी कहने से मना किया है।
ईस्ट इकनॉमिक फोरम में हिस्सा लेंगे पुतिन
बता दें कि व्लादिमीर पुतिन भी खासान पहुंचने वाले हैं, जहां पर उनकी मुलाकात किम जोंग उन से हो सकती है। यहां वह ईस्ट इकनॉमिक फोरम में भी हिस्सा ले सकते हैं। इस समिट से इतर व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग उन की मुलाकात होगी। हालांकि दोनों नेताओं की मुलाकात किस लोकेशन पर होगी इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है। दरअसल, अमेरिकी अधिकारियों ने पहले ही कहा था कि पुतिन और किम जोंग की मुलाकात के दौरान हथियारों की डील को लेकर बात हो सकती है।
हथियार सप्लाई करने पर बन सकेगी सहमति
कहा यह भी गया कि दोनों नेताओं के बीच होने वाली इस मुलाकात में उत्तर कोरिया की ओर से रूस को हथियार सप्लाई करने पर सहमति बन सकती है, जो यूक्रेन से जंग के बीच हथियारों की कमी का सामना कर रहा है। दरअसल, रूस और यूक्रेन के बीच 18 महीने से युद्ध चल रहा है। वहीं इतने लंबे समय के युद्ध में रूस को अब हथियारों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर कोरिया की न्यूज एजेंसी केसीएनए के मुताबिक, किम जोंग अपने साथ सत्ताधारी दल के कई नेताओं को ले चुके हैं। मीटिंग में सैन्य अधिकारी भी शामिल होंगे। गौरतलब है कि इससे पहले दोनों नेता 2019 में मिले थे।