Red River: पेरू की इस नदी में पानी की बजाए बहता है खून! जानें क्यों

दुनिया में न जानें कितनी नदी हैं जिनमें से किसी का पानी नीला होता है तो किसी का हरा या किसी का सफेद। वहीं अगर दूषित नदी है तो उसका पानी मटमैला होगा। कुछ नदियों के पानी का रंग देखने में काला भी लगता है। लेकिन दुनिया में एक ऐसी नदी भी है जिसका पानी का रंग लाल है। इस नदी के पानी को देखकर अक्सर लोग हैरान रह जाते हैं। यही कारण है कि इसे कुछ लोग 'खून की नदी' भी कहते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि इस नदी का पानी लाल क्यों है और यह कहां है।
कई महीनों तक रहता है लाल रंग
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लाल रंग के पानी वाली यह नदी पेरू में बहती है, जिसका नाम कुस्को है। यह नदी पेरू के कैंचिस प्रांत में विलकानोटा पर्वत श्रृंखला के माध्यम से बहती हुई दिखाई देती है। बता दें कि कुस्को नदी साल के कई महीनों तक लाल पानी के साथ बहती है। इसका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वहीं लोग भी वीडियो देखकर इसे खून की नदी बता रहे हैं।
पानी देखकर लोग हो जाते हैं हैरान
वहीं कई लोग वीडियो में कुस्को नदी के पानी का रंग देखने के बाद विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। अधिकतर लोगों के मन में सवाल है कि आखिर किस वजह से नदी का रंग लाल है? वो क्या कारण है, जिसके चलते नीले पानी से लबालब रहने वाली नदी, साल के कुछ महीनों में अपना रंग बदल लेती है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसके पीछे एक खास कारण है।
लाल रंग होने के पीछे है ये कारण
दरअसल, जिस जगह पर कुस्को नदी बहती है, वो इलाका अपने बलुआ पत्थरों की वजह से पहचाना जाता है। इन पत्थरों में लौह ऑक्सइड भरा हुआ है। ऐसे में जब बारिश होती है तो लौह ऑक्साइड से भरीं चट्टानें नदी के तल में बहने लगती हैं। यही कारण है कि नदी का पानी लाल या गुलाबी हो जाता है। वहीं जब ज्यादा बारिश होती है तो नदी का रंग लाल हो जाता है। हल्की बारिश में गुलाबी बना रहता है।
पर्यटकों के बीच पॉपुलर है कुस्को नदी
कुस्को नदी अपने स्रोत से निकलने के बाद अर्कोइरिस पालकोयो पर्वत की घाटी तक ही लाल रंग के पानी के साथ बहती है। आगे चलकर कुस्को में कई छोटी नदियां और नहरें मिल जाती हैं, जिसकी वजह से इसका रंग मटमैला होने लगता है। बरहाल, ये नदी पर्यटकों के बीच खासा पॉपुलर है। इस वजह से कुस्को नदी को देखने के लिए दुनियाभर से लोग पहुंचते हैं।