Greater Noida Crime: दिनदहार्ड़ महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी पूर्व पति की तलाश में जुटी पुलिस

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को उसके पूर्व पति ने गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उधर, वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर घटनास्थल पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल में जुट गई। जांच में पता चला है कि महिला के पूर्व पति विनोद ने ही उसकी हत्या की है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।
छपरौला गांव के ब्रिज विहार कॉलोनी की घटना
जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना इलाके के छपरौला गांव के पास बनी ब्रिज विहार कॉलोनी में एक महिला की उसके घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि घटना की शिकार बनी महिला की हत्या उसके पूर्व पति विनोद ने की है। घटना मंगलवार की है। बतया जाता है कि मंगलवार की दोपहर 28 वर्षीय सोनी घर के काम में व्यस्त थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर उसका पूर्व पति विनोद आया और घर में घुसकर सोनी पर अवैध हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए पांच गोलियां दागी।
आरोपी फायरिंग के बाद मौके से हुआ फरार
उधर, फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर सोनी के घर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी हवा में फायरिंग करता हुआ मौके से फरार हो गया। सोनी को जमीन पर लहूलुहान देख लोगों के होश उड़ गए। मौके पर सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर बादलपुर के थाना प्रभारी समेत पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर महिला के शव की जांच कराई साथ ही शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन
बताया जाता है कि महिला का एक 11 वर्ष का बेटा भी है, वर्तमान में मृतक महिला सोनी अपने दूसरे पति के साथ रह रही थी। फिलहाल हत्या के असली कारणों का पता नहीं लग सका है। वहीं आरोपी विनोद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही हत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा।