Noida News: BJP ने यूपी में 19 जिलों के जिला अध्यक्ष बदले, गजेंद्र मावी और मनोज गुप्ता की ताजपोशी

Noida News: लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में भाजपा ने जिला संगठनों में फेरबदल करते हुए, प्रदेश में 19 जिलों के नए जिला अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। जिला अध्यक्षों की सूची का बहुत दिनों से इंतजार किया जा रहा था, माना जा रहा है कि इन जिलों में समीक्षा के बाद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पार्टी को मजबूत करने और लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नए जिला अध्यक्ष को समीक्षा बैठक के बाद जिला अध्यक्ष की कमान सौंप दी।
ग्रेटर नोएडा में गजेंद्र मावी जिलाअध्यक्ष की कमान सौंपी गई
आपको बता दें कि गौतम बुद्ध नगर में दो बार से लगातार भाजपा के जिला अध्यक्ष रहे विजय भाटी के बाद अब गजेंद्र मावी को ग्रेटर नोएडा के जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। निवर्तमान जिला अध्यक्ष विजय भाटी गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ महेश शर्मा के बेहद करीबी बताए जाते हैं और गजेंद्र मावी भी डॉक्टर महेश शर्मा के बफादरों में शामिल है। गजेंद्र मावी गौतमबुद्ध नगर में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष और पार्टी के जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। करीब दो दशक से बीजेपी के सक्रिय सदस्य और जिला संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
मनोज गुप्ता बने महानगर अध्यक्ष
पार्टी नियम के मुताबिक दो बार जिला अध्यक्ष लगातार रहने के बाद विजय भाटी का इस बार हटाना तय था। गौरतलब है कि विजय भाटी पिछले 8 वर्ष से ग्रेटर नोएडा में भाजपा के जिला अध्यक्ष थे, जिले में भाजपा को मजबूत करने और यहां भाजपा का परचम लहराने में उनका अहम रोल रहा हैं। वहीं नोएडा महानगर के पद पर एक बार फिर से मनोज गुप्ता ने बाजी मार ली है, लेकिन इस बार मनोज गुप्ता के लिए अपनों ने ही मुश्किल पैदा कर दी थी। पार्टी के अंदर ही मनोज गुप्ता को दोबारा से महानगर अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर विरोध हो रहा था।
गजेंद्र मावी बने नोएडा के जिला अध्यक्ष
गजेंद्र मावी को ग्रेटर नोएडा में भाजपा का जिला अध्यक्ष बनने और नोएडा में एक बार फिर मनोज गुप्ता को महानगर अध्यक्ष बनाने के पीछे बताया जा रहा है कि गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा और क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पार्टी में लाख विरोधों के बावजूद भी दोनों को ताजपोशी करवाने में इन दोनों बड़े नेताओं का हाथ है। गौतमबुद्धनगर में डॉक्टर महेश शर्मा अपने विरोधियों पर एक बार फिर से भारी पड़े हैं और अपने खेमे के दोनों कार्यकर्ताओं को जिला अध्यक्ष की पद पर ताजपोशी करवाने में कामयाब हुए है।
(Reported By Akram Khan, Edited By Alok Mishra)